माकड़ौन | सोयाबीन फसलों में बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे किसान परेशान है। ग्राम लिंबादित के लघु किसान ओमप्रकाश बैरागी ने बताया क्षेत्र में सोयाबीन की खड़ी फसलों में सफेद मक्खी हो रही है। महंगे बीज और खाद डालकर फसल बोई थी। जैसे तैसे फसल बड़ी हुई पर बारिश नहीं के समान होने से डर बना हुआ है। अब सफेद मक्खी से किसान परेशान है। ग्राम कड़ौदिया के किसान गोवर्धनसिंह राजपूत ने बताया गत वर्ष क्षेत्र की सैकड़ों बीघा फसल सफेद मक्खी के कारण नष्ट हो गई थी। सफेद मक्खी के कारण सोयाबीन की फसलें खराब हो रही है। युवा किसान व कांग्रेस नेता नंदकिशोर पालीवाल ने बताया सफेद मक्खी पर महंगे कीटनाशक का भी असर नहीं हो रहा। सोयाबीन में फलियां बन चुकी है एवं बीजारोपण भी होने लगा है। यहां फल फूल और बीज को चूस कर समाप्त कर रही है। अगर इन पर नियंत्रण नहीं हुआ तो हजारों बीघा सोयाबीन की फसलें बर्बाद हो जाएगी। कृषि विभाग तराना एमएस तोमर से चर्चा करना चाही पर उनका मोबाइल बंद आ रहा था। एस.के शर्मा उप संचालक कृषि विभाग उज्जैन ने भी फोन रिसीव नहीं किया।