बड़वाह Oct 14, 2018
गेहूं, चना व मोटे अनाज की तर्ज पर इस बार कपास खरीदी के लिए भी ऑनलाइन पंजीयन शुरू हो गए है। सरकार ने कपास खरीदी में पारदर्शिता बरतने के लिए नया निर्णय लिया है। केंद्र सरकार ने कपास खरीदी के लिए भारतीय कपास निगम लिमिटेड को नोडल एजेंसी बनाया है।
बड़वाह मंडी में एक सप्ताह में कपास की खरीदी शुरू होगी। सीसीआई के अधिकारी तुषार सोनावने ने बताया निर्धारित मापदंड पूरा करने पर सीसीआई द्वारा कपास खरीदा जाएगा। इसके लिए किसानों को आवश्यक दस्तावेज ले जाना होंगे। भारतीय कपास निगम लिमिटेड ने इस साल के लिए समर्थन मूल्य पर कपास के दाम 5150 रुपए (मध्यम रेशे वाला) और 5450 रुपए (लंबे रेशे का) प्रति क्विं. निर्धारित किए हैं। 8 फीसदी नमी वाला कपास ही समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। 12 फीसदी तक नमी हो तो कटौती कर खरीदा जाएगा। क्योंकि इस साल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 30 लाख क्विं. कपास की खरीदी भारतीय कपास निगम करेगा। किसानों को आधार कार्ड, पावती, ऋण पुस्तिका, निरस्त किया चेक या पासबुक के पहले दो पन्नों की फोटोकाॅपी लाना होगा।