अम्बिकापुर Nov 05, 2018
जिले में 1 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान और मक्का की खरीदी शुरू हो गई है। समर्थन मूल्य के अलावा बोनस के लालच में लोग सोसायटियों में अवैध रूप से धान और मक्का बेचने की फिराक में घूमने लगे हैं। प्रशासन ने ऐसे बिचाैलियों पर नजर रखने के लिए टीम बनाई है। खाद्य विभाग और प्रशासन की टीम ने रविवार को मक्का और धान का अवैध परिवहन करते हुए दो लोगों पर कार्रवाई की है। दोनों के पास कोई दस्तावेज नहीं थे, जिसके चलते उनसे मंडी शुल्क का पांच गुना ज्यादा जुर्माना वसूला गया।
प्रशासन के अनुसार कलेक्टर केसी देवसेनापति के निर्देशन एवं खाद्य अधिकारी अमृत कुजूर के नेतृत्व में धान की अवैध खरीद परिवहन करने वाले बिचौलियों पर कार्रवाई करते हुए खाद्य विभाग और मंडी बोर्ड की संयुक्त टीम ने रविवार को कैलाशपुर (देवनगर) के पिकअप वाहन में 16 क्विंटल धान पकड़ा। वाहन चालक रमेश साहू निवासी भगवानपुर ने बताया कि वह 40 बोरी में 16 क्विंटल धान का परिवहन सुरजपुर निवासी रामानुग्रह उपाध्याय के लिए कर रहा था। इसके अलावा एक अन्य पिकअप में वाहन चालक नान्हू गोंड निवासी सूरजपुर 40 बोरी में 22.50 क्विंटल मक्का का परिवहन करते हुए पाया गया। उसने बताया कि वह सुरजपुर के राजेश ठाकुर के लिए धान लेकर जा रहा था।
16 क्विंटल धान और 22.50 क्विंटल मक्का का कर रहे थे अवैध परिवहन