धमतरी Nov 07, 2018
जिले के किसानों को चना प्रोत्साहन राशि का वितरण अब तक नहीं हो पाया है। राशि पखवाड़ेभर पहले पहुंच गई, लेकिन गलत आबंटन के कारण पूरी राशि लौटानी पड़ी। यही नहीं, 10287 किसानों की प्रोत्साहन राशि अभी भी अटकी है।
कृषि विभाग ने 42 हजार किसानों को चना प्रोत्साहन राशि वितरण करेगा। 32287 किसानों का प्रोत्साहन राशि सप्ताहभर पहले सुधारकर शासन से वापस मिली है। इतने किसानों को 2.72 करोड़ का वितरण किया जाना है। अब इन्हें 1-2 दिन में दिवाली त्यौहार के बाद वितरण शुरू होगा। किसानों ने उम्मीद की थी कि दिवाली के पहले प्रोत्साहन राशि मिल जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। किसानों को कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा। किसानों को प्रति एकड़ में 1500 रूपए प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय पूर्व में हुआ था।
ऐसे हुई गड़बड़ी: चना वितरण के लिए तीन कैटेगरी बनी थी। सामान्य किसान 26510 हैं, जबकि एसटी के 1362, एससी 4415 किसान हैं। सामान्य किसानों की राशि एसटी, एससी के नाम से आबंटित हो गई थी। इस वजह से कृषि विभाग को सही आबंटन के लिए पूरी राशि वापस शासन को भेजनी पड़ी।
23 हजार हेक्टेयर में लगाई थी चने की फसल
बीते रबी सीजन में शासन ने धान के लिए सिंचाई पानी नहीं देने की घोषणा की और किसानों को चना लगाने के लिए प्रोत्साहित किया था। किसानों ने भी फसल चक्र अपनाते हुए चना लगाया। जिले में लगभग 23 हजार हेक्टेयर में चना लगा था। अच्छी फसल होने के बाद किसानों ने प्रोत्साहन राशि की मांग की। इसके बाद शासन स्तर से प्रति एकड़ 1500 रूपए प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय हुआ था। फसल कटाई के 6 महीने बाद भी राशि किसानों को अप्राप्त है।
राशि डालने की मांग
कृषि विभाग के उप संचालक एलपी अहिरवार ने बताया कि पूर्व में सामान्य किसानों की प्रोत्साहन राशि एसटी, एससी के नाम से आबंटित हो गई थी। लगभग 3 करोड़ 57 लाख रुपए राशि शासन को वापस कर सामान्य वर्ग के किसानों के खाते में डालने के लिए आवेदन लगाया है। 32287 किसानों के लिए प्रोत्साहन राशि आ गई है। शेष के लिए भी मांग की गई है।