गरियाबंद Oct 20, 2018
कृषि विभाग के केंद्रीय निरीक्षण दल ने बुधवार को फिंगेश्वर ब्लाॅक के ग्राम पसौद में फसलों का अवलोकन किया एवं किसानों से चर्चा कर अंचल में खेती-किसानी के बारे में जानकारी ली। किसानों को रबी सीजन में दलहन-तिलहन की खेती करने प्रोत्साहित भी किया।
केंद्रीय दल में भारत सरकार के कृृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के निदेशक डाॅ. एनके तिवारी के साथ राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के संचालक एसआर वर्मा, किट विज्ञान के प्रमुख वैज्ञानिक संजय शर्मा, वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके वर्मा एवं शस्य विज्ञान के डाॅ. अश्वनी ठाकुर शामिल थे। उप संचालक कृषि नरसिंह ध्रुव ने बताया कि दल ने जिले में संचालित हरित क्रांति विस्तार योजना के अंतर्गत 50 हेक्टेयर में बोए गए हाइब्रिड धान से लाभान्वित किसानों से चर्चा की। इस मौके पर अंचल के किसानों ने कृषि संबंधी समस्या एवं अन्य जानकारी साझा किया। निरीक्षण के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक राकेश भगत एवं वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी प्रदीप शर्मा भी उपस्थित थे।
गरियाबंद. केंद्रीय निरीक्षण दल ने फसलों का जायजा लिया।