कोरबा Oct 23, 2018
वनमंडल कोरबा के करतला व कुदमुरा वन परिक्षेत्र में 47 हाथी उत्पात मचा रहे हैं। रविवार की रात हाथियों ने 60 किसानों की धान की फसल को चौपट कर दिया।
इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। करतला क्षेत्र में 38 व कुदमुरा परिक्षेत्र में 10 हाथियों का झुंड घूम रहा है। धान की फसल लगभग तैयार है। किसान धान काटने की तैयारी कर रहे हैं।
इसके पहले ही हाथी धान की फसल को चौपट कर रहे हैं। कुदमुरा परिक्षेत्र के कलमी टिकरा में 6, गिरारी में 7, बासीन में 6 व बरपाली में 3 किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाया है।
इसी तरह करतला परिक्षेत्र में तुर्रीकटरा में 38 किसानों की धान की फसल को चौपट कर दिया। किसानों का कहना है कि अब नुकसान अधिक हो रहा है। कई किसान तो अधपके फसल को काटने लगे हैं। दंतैल हाथी अब धरमजयगढ़ की ओर चला गया है। इससे ग्रामीणों को कुछ राहत मिली है। दो दिनों से बरपाली गांव में घुसकर बाड़ी को नुकसान पहुंचा रहा था। वन विभाग की टीम रोज गांव में बस मुनादी ही कराती है। फसल बचाने कोई उपाय नहीं किए जा रहे हैं। दूसरे ग्रामीणों में आक्रोश भी है।