कोरबा Nov 02, 2018,
जिले के 27 सहकारी समितियों में धान खरीदी शुरू हो गई है। इसके लिए 41 केन्द्र बनाए गए हैं। पहले दिन टोकन जारी नहीं होने के कारण कोई भी किसान धान लेकर किसी भी केंद्र पर नहीं पहुंचा। शुक्रवार को कटघोरा समिति में एक किसान ने 18 क्विंटल धान बेचने के लिए टोकन लिया है। इसी तरह सुखरीकला समिति के उमरेली केन्द्र में 8 क्विंटल धान बेचने के लिए एक किसान ने टोकन कटवाया है। समितियों का कहना है कि धान खरीदी की रफ्तार दीपावली के बाद ही बढ़ेगी। राज्य शासन ने इस साल 15 दिन पहले धान खरीदी शुरू करने का निर्णय लिया था। पहले 15 नवंबर से धान खरीदी की शुरुआत होती थी। इस साल समर्थन मूल्य मोटा धान का 1 हजार 750 रुपए व 3सौ रुपए बोनस निर्धारित है। पतला धान का समर्थन मूल्य 1 हजार 770 व 300 रुपए बोनस है।
सभी समितियों में बारदाने की व्यवस्था कर ली गई है। लेकिन कमी का पता अधिक धान आने पर ही चलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व नेटवर्क की समस्या रहती है। इसके कारण ऑन लाइन एंट्री की समस्या आगे भी रहेगी। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के नोडल अधिकारी एके जोशी ने बताया कि शुक्रवार को 2 केन्द्रों में बोहनी हो जाएगी। पिछले साल की तरह किसानों को धान बेचने के लिए टोकन लेना अनिवार्य है। जिसमें धान लाने की तिथि व मात्रा भी लिखा होगा। इसके बाद ही खरीदी की जाएगी।