मगरलोड | Oct 23, 2018
इस वर्ष 1नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। इसके लिए सभी खरीद केन्द्रों में तैयारी पूर्ण कर ली गई है। इधर किसान भी फसल कटाई में युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं। ग्राम करेली बड़ी के प्राथमिक कृषि साख समिति में चबूतरों की साफ सफाई, पुताई, मैदान समतलीकरण, सफाई का कार्य हो चुका है। इस सोसायटी में धान बेचने के लिए 2323 किसान पंजीकृत हैं। इनमें वर्ष 2018-19 के 81 नए पंजीकृत कृषक शामिल हैं। किसान टोकन प्रणाली से धान बेच सकेंगे। इसके लिए उन्हें एक सप्ताह पहले खरीद केंद्र में टोकन दे दिया जाएगा। जिस तारीख का टोकन होगा, उसी तारीख पर किसान धान बेच सकेंगे। पतला ए ग्रेड धान का समर्थन मूल्य 1770 रुपए और मोटा धान का 1750 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है। समिति अध्यक्ष शेखूराम साहू, प्रबंधक परमेश्वर निर्मलकर ने बताया कि धान खरीदी के लिए सोसायटी में 23 हजार 500 बारदाने उपलब्ध हैं। गीले धान की बिल्कुल भी खरीदी नहीं की जाएगी।