राजिम Dec 14, 2019
छत्तीसगढ़ भारतीय किसान संघ के आह्वान पर प्रदेश सरकार के किसान विरोधी नियमों तथा धान खरीदी में हो रहे बार-बार बदलाव नीति के खिलाफ शनिवार को प्रदेश बंद बुलाया गया था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा किसानों की सभी मांगों को मान लिया गया है। इसलिए बंद को रद्द कर दिया गया है।
भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष भुनेश्वर साहू ने कहा कि 10 दिसंबर को मुख्यमंत्री ने प्रेसवार्ता कर मांग को पूरा करने की घोषणा की है। घोषणा के अनुसार 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से धान का भुगतान किया जाएगा। 15 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से धान खरीदा जाएगा अौर खरीदी की तारीख को और आगे बढ़ाया जाएगा। धान खरीदी के टोकन की मात्रा को भी बढ़ाया जाएगा। सीएम के उक्त आश्वासन के बाद 14 दिसंबर के प्रस्तावित आंदोलन को वापस लिया जाता है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भविष्य में वादा खिलाफी होगा तो फिर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसकी सूचना सभी संगठन पदाधिकारियों एवं किसान भाइयों को दी गई है।