बेमेतरा Dec 14, 2019
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में शुक्रवार को खेत में रखे धान में असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी। इसके चलते 14 किसानों की करीब 54 एकड़ फसल जलकर राख हो गई। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। राजस्व विभाग की टीम ने भी क्षति का आकलन किया। किसानों ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। घटना दाड़ी थाना क्षेत्र की है।
चरगवां घाट में 14 किसानों की खेत में धान की फसल कटने के बाद रखी हुई थी। सुबह किसान खेत में पहुंचे तो उसमें से आग और धुआं निकल रहा था। लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, तब तक खेत में पड़ी फसल जलकर राख हो चुकी थी। घटना के बाद अन्य किसानों में भी दहशत का माहौल है। आग लगाने से जिन किसानों की फसल बर्बाद हो गई है उनमें मदन निषाद, विसौहा, रामलाल, रतन केवट, ओमप्रकाश निषाद, विष्णु साहू, दुर्वती निषाद, चोवाराम निषाद, बाई साहू, भारत साहू, पन्नालाल साहू, मनहरण साहू,गोवर्धन साहू शामिल हैं। किसानों का कहना है कि किसी ने रात 9 बजे से सुबह 5 बजे के बीच कटे हुए धान में आग लगाई है।