दुर्ग Nov 13, 2018
धान खरीदी के दौरान दूसरे राज्यों का धान लाकर या पुराना धान खपाने से रोकने के लिए खाद्य विभाग और कृषि उपज मंडी के अफसरों ने आज फिर छापामार कार्रवाई की। धमधा ब्लाक में बिरौदा के मंडी लाइसेंसी खुमान साहू की दुकान पर छापा मारा गया। यहां बिल और जरूरी दस्तावेज के बिना 55 बोरी धान मिलने पर कार्रवाई की गई।
धमधा ब्लाक के कोड़िया गांव में जैन किराना स्टोर्स में बिना दस्तावेज के 50 बोरी धान मिला। दोनों मामलों में मंडी एक्ट के तहत शुल्क वसूलने की कार्रवाई की गई। सहायक खाद्य अधिकारी आरएस यदु के अलावा कृषि उपज मंडी के अफसरों ने संयुक्त अभियान चलाकर यह कार्रवाई की। अफसरों ने बताया कि अवैध तरीके से धान बेचने का प्रयास करने वाले धान कोचियों की दुकानों और घर पर छापामार कार्रवाई चल रही है।
धान खरीदी केंद्रों में नहीं आ रहे किसान
इस साल धान खरीदी की व्यवस्था 1 नवंबर से शुरू की गई। पहले दिन धान में नमी का प्रतिशत ज्यादा होने के कारण ज्यादातर किसान उपार्जन केंद्रों में नहीं आ रहे। अफसरों का कहना है कि दिवाली का त्योहार मनाने के कारण धान कटाई का काम प्रभावित रहा। धान की नमी का प्रतिशत भी कम हो गया है। त्योहार मनाने के बाद अब धान खरीदी बढ़ने की उम्मीद है।