उज्जैन | Oct 05, 2018
मंडी में कितने छोटे इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे हैं। जवाब मिला-150 और बड़े। जवाब मिला-2 । सवाल पूछने वाले थे मंडी बोर्ड के एमडी फैज अहमद किदवई और जवाब देने वाले थे-मंडी सचिव राजेश गोयल। एमडी ने आगे कहा इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटो की जांच कराएं। मंडी बोर्ड के एमडी ने गुरुवार को मंडी का वार्षिक दौरा किया। विभिन्न कक्षों की गतिविधियों की जानकारी लेने के बाद वे सचिव कक्ष में एक घंटे तक मंडी के कामकाज की जानकारी ली। कम्प्यूटर से डाटा चैक किया। उन्होंने कहा-रोज का हिसाब अपडेट करके ही जाएं। किसानों की समस्याओं का निदान करें। उनके मंडी आगमन पर विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। साथ ही समस्याओं से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान उपसंचालक मंडी बोर्ड प्रवीण वर्मा, कार्यपालन यंत्री मधुकर पंवार, सहायक यंत्री आशुतोष मिश्रा, मंडी सचिव राजेश गोयल, मोहनलाल पुरोहित, अश्विन पहाड़िया, महेश शर्मा, प्रवीण चौहान मौजूद थे। पश्चात उन्होंने मंडी अध्यक्ष बहादुरसिंह बोरमुंडला के साथ मंडी का निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने हाई राइज शेड देखे। इसके बाद हम्माल-तुलावटी कार्यालय। यहां से वे सब्जी मंडी के गेट पर बनाए जा रहे डिलक्स शौचालय देखने रुके। किसान नेता रामसिंह जादौन ने मंडी के विपणन कार्य में कर्मचारियों की कमी से आ रही समस्याओं से अवगत कराया।