सीहोर | Sep 12, 2018
अन्नदाता अधिकार यात्रा मंगलवार दोपहर बाद सीहोर पहुंची। यहां कृषि उपज मंडी परिसर में एक आमसभा आयोजित की गई।
इस मौके पर राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष देवनारायण पटेल ने कहा कि किसानों को उनकी फसल की लागत का लाभकारी मूल्य नहीं मिल पा रहा है। वर्तमान समय में दूध, सब्जी, फूल और फसलों के उचित दाम नहीं मिलने से मजदूर और किसान परेशान हैं।
राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले अन्नदाता अधिकार यात्रा प्रदेशभर में 15 अगस्त से शुरु हुई है। यह प्रदेश के सभी जिलों में भ्रमण कर रही है। मंगलवार की सुबह श्यामपुर पहुंची। यहां पर किसानों को संबोधित करने के बाद सीहोर के लिए रवाना हुई। इस बीच चांदबड़ में अधिकार यात्रा का स्वागत किया गया। दोपहर बाद करीब 1.15 बजे सीहोर कृषि उपज मंडी पहुंची। यहां पर आम सभा आयोजित की गई।
युवा बेरोजगार हैं
महासंघ के राष्ट्रीय युवा इकाई के अध्यक्ष राहुल राज ने कहा कि देश के युवा बेरोजगार हैं। फसलों के दाम नहीं मिलने के कारण युवाओं का खेती की ओर से रुख भी बदल गया है। सरकार की बेरुखी से किसान लगातार कर्ज में डूबता जा रहा है। सभा को जिला अध्यक्ष विष्णु सिंह, बलराम मुकाती, महेश भारी, नंदूलाल गौर, प्रेमनारायण पंवार, प्रहलाद वर्मा, पंडित सुनील शर्मा, कमलेश गौर, मदन सिंह यदुवंशी आदि ने संबोधित किया। वहीं राष्ट्रीय संगठन मंत्री रवि दत्त ने किसान और मजदूरों को अन्नदाता अधिकार यात्रा के बारे में जानकारी दी।
नसरुल्लागंज के लिए हुई रवाना
अन्नदाता अधिकार यात्रा आम सभा के बाद नसरुल्लागंज के लिए रवाना हुई। इस दौरान इछावर में किसानों से चर्चा के बाद नसरुल्लागंज में देरशाम यात्रा पहुंची। यहां पर विश्राम के बाद बुधवार को रेहटी में आमसभा आयोजित की जाएगी।