ठीकरी (बड़वानी)
मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा के जवाब में कांग्रेस पार्टी जन जागरण यात्रा निकाल रही है। कांग्रेस की जनजागरण यात्रा सोमवार को साढे पांच घंटे देरी से रात 9.30 बजे नगर पहुंची। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी, बाला बच्चन सहित अन्य नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर हल्ला बोला। साथ ही किसानों का कर्ज माफ करने और 24 घंटे बिजली देने के सब्जबाग दिखाए। जबकि बिजली और सड़क के मुद्दे पर ही दिग्विजय सरकार को नुकसान उठाना पड़ा था। वहीं पदाधिकारियों ने भावांतर योजना को धोखा बताया।
जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा की सरकार 15 साल से जनता को बेवकूफ बना रही है। सरकार प्रदेश में बलात्कार और भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगा पा रही है। किसानों को उपज का पूरा दाम नहीं मिल रहा है। नई-नई योजनाएं चलाकर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भावांतर योजना किसानों के साथ एक धोखा है। जनता इनकी झूठी चाल समझ चुकी है। आने वाले समय में कांग्रेस की सरकार बनाने का संकल्प ले चुकी है। हमारी सरकार आते ही किसानों का कर्जा माफ करेंगे और 24 घंटे बिजली देंगे। यात्रा में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरूण यादव और जिला पंचायत उपाध्यक्ष रमेश चौहान की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय रही। जानकारी के अनुसार यादव धामनोद की सभा के बाद सीधे कसरावद लौट गए। इस दौरान यात्रा प्रभारी संजय कपूर, विजयलक्ष्मी साधौ, कुणाल चौधरी, राजन मंडलोई, रमेश पटेल, वीरेंद्रसिंह दरबार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
जनता को संबोधित करते प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी।