श्योपुर
बीते साल बारिश न गिरने से खराब हुई किसानों की फसलों के मुआवजे में अब भी शत-प्रतिशत तक वितरण नहीं हो सका है। हाल ही में एक किसान का 40 हजार रुपए की मुआवजा राशि को खाता नंबर की गड़बड़ी के चलते दूसरे खाते में जमा करा दिया गया। जिसके बाद अब राजस्व विभाग इसे वापस लेने की कार्रवाई में लगा हुआ है।
खरीफ सीजन 2017-18 में सूखा पड़ने के चलते धान, सोयाबीन, मूंग, उड़द सहित ज्वार-बाजरा की फसलें खराब हो गई थी। जिस पर सरकार ने दिसंबर 2017 में किसानों के लिए मुआवजा बांटने 89 करोड़ रुपए की राशि का आवंटन किया था। जुलाई 2018 तक इसका वितरण किया गया। जिसमें अब भी कई किसान ऐसे बचे हुए है, जिन्हें मुआवजा नहीं मिल पाया है। 50 लाख रुपए की मुआवजा राशि अब भी अटकी हुई है। यह गड़बड़ी पटवारियों द्वारा खाता नंबरों में की गई गड़बड़ी के चलते हुए। जिसमें सूसवाड़ा निवासी किसान रामसिंह पुत्र सीताराम जाट की 40 हजार रुपए की मुआवजा राश को गलत खाते में डाल दिया गया। इसे लेकर 26 जुलाई को राजस्व विभाग के वृत निरीक्षक ने पत्र लिखा और खाते में सुधार को कहा गया है। जिसमें वर्तमान में भी कार्रवाई जारी बनी हुई है। इसी तरह एक हजार से अधिक किसानों के खातों में गड़बड़ी के चलते राशि नहीं डाली जा सकी है। भाजपा नेता विष्णु जाट ने इसकी शिकायत कलेक्टर से की है।