बुरहानपुर Oct 25, 2019
अक्टूबर में हुई बारिश ने खेतों में खड़ी फसलों को लगभग बर्बाद कर दिया है। कपास, मक्का और ज्वार में पौधों पर ही अंकुरण हो गया है। अब यह फसल किसी काम की नहीं बची है। शहर से लगे एक दर्जन गांवों के 500 से ज्यादा किसानों की फसल को नुकसान हो चुका है। लगातार बारिश और बादल छाए रहने से फसलें खराब होती जा रही हैं लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इससे परेशान एक दर्जन से ज्यादा किसान खेतों में खराब हुई फसल लेकर गुरुवार को अपर कलेक्टर के पास पहुंचे और खराब हुई फसलों का सर्वे कराने की मांग की। उधर, पहाड़ी क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण ताप्ती नदी का जलस्तर भी बढ़ा है। नदी खतरे के निशान से 3.19 मीटर नीचे बह रही है।
आमतौर पर सितंबर के बाद जिले में बारिश नहीं होती है। खरीफ फसल की कटाई अक्टूबर तक आधी से ज्यादा हो जाती है लेकिन इस बार बारिश ज्यादा समय तक हो रही है। अक्टूबर तक फसलें तैयार नहीं हो पाई थीं और अब अक्टूबर के आखिर में फिर बारिश होने से बची फसलें भी खेत में ही खराब हो रही हैं। कपास की नीलामी धनतेरस से शुरू होती है लेकिन उपज तैयार नहीं हो पाई है। बारिश से खेत में तैयार कपास के घेटे में ही अंकुरण हो गया है।
अपर कलेक्टर को शिकायत करते हुए ग्रामीण।
अंकुरण के बाद फसल किसी काम की नहीं
किसान मनोज ठाकुर, रवींद्र, भूषण पाठक और बंडू दगड़ू ने बताया लगातार बारिश से खेतों में ही फसल अंकुरित होकर खराब हो गई है। इस साल बारिश देरी से हुई और अब भी जारी है। अक्टूबर में तैयार फसल काटना होती है लेकिन बारिश से फसल सूख ही नहीं पाई। जो फसल तैयारी थी, उसमें भी अंकुरण हो गया है। ऐसी फसल किसी काम की नहीं है। इसे मवेशी भी नहीं खाते हैं।
मंगलवार दोपहर से बढ़ रहा ताप्ती का जलस्तर
सतपुड़ा की पहाड़ी क्षेत्र में लगातार बारिश होने से ताप्ती नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इससे फिर शहर से जुड़े सभी 13 घाट डूब गए हैं। बारिश के कारण मंगलवार दोपहर बाद से ताप्ती का जलस्तर बढ़ने लगा। शाम तक जलस्तर 217 मीटर के आसपास दर्ज किया गया। बुधवार सुबह तक जलस्तर 217.610 मीटर तक पहुंच गया। देरशाम तक जलस्तर स्थिर रहा। इसके बाद यह घटने लगा। बुधवार सुबह 11 बजे से कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। गुरुवार दोपहर और शाम को भी हल्की बारिश हुई। जिले में पिछले 24 घंटे में 0.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। जिले में अब तक 50.6 इंच बारिश हो चुकी है। पिछले साल अब तक 33.13 इंच ही बारिश हो पाई थी।
दिवाली के बाद कराएंगे सर्वे
अरब सागर में चक्रवात, दिवाली तक होगी बारिश
मौसम विभाग वैज्ञानिक डॉ. अजय शुक्ला ने बताया अरब सागर में चक्रवात बना है। यह शुक्रवार के बाद ओमान की तरफ रूख करेगा इसका असर दिवाली तक रहेगा। इससे बारिश होती रहेगी। अरब सागर में पिछले दो दिन से चक्रवात सक्रिय है और ऊपर की तरफ जा रहा था लेकिन अब यह धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगा है। शुक्रवार और शनिवार को यह ओमान की तरफ चला जाएगा। सोमवार के बाद ही मौसम के साफ होने के आसार हैं।