छतरपुर Oct 24, 2019
जिला मुख्यालय से लगे हुए ग्राम निवारी में में किसान जागरुकता कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भगवतशरण रावत ने की।
प्रगतिशील किसान चितरंजन चौरसिया ने जानकारी देते हुए बताया कि खरीफ की फसल में अतिवृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इसमें उड़द, तिल, मूंग के साथ अन्य फसलें पानी के कारण खराब हो गई हैं। जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। इसकी भरपाई कैसे होगी यह किसानों की सबसे बड़ी चिंता है। क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी आनंद जैन ने किसानों को रबी फसल में बुवाई से पहले खेत की तैयारी के संबंध में जानकारी दी। खरपतवार को समाप्त करने के लिए रोटावेटर हैरो जैसे कृषि यंत्रों का उपयोग करने की सलाह दी। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी रवि श्रीवास्तव ने उन्नत किस्म का बीज बोने एवं बीजों की विभिन्न किस्मों की जानकारी दी। विनोद खरे ने बोनी से पहले कल्चर का उपयोग एवं बीज उपचार करने की सलाह किसानों को दी। साथ ही उचित अनुपात में खाद का प्रयोग करने के लिए कहा। उन्होंने गेहूं चना सरसों आदि के उन्नत बीजों की किस्मों के बारे में बताया। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एसपी कारपेंटर ने किसानों से कहा कि वह केवल रासायनिक उर्वरकों पर निर्भर ना रहें। बल्कि जैविक खाद जिसमें मटका खाद, केंचुआ खाद और अन्य खादों का प्रयोग करें। जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि होगी और उर्वरा शक्ति बढ़ने के साथ फसल उत्पादन भी अच्छा मिलेगा। कार्यक्रम के अध्यक्ष भगवतशरण रावत ने अधिकारियों से किसानों को रबी फसल के लिए उन्हें आवश्यक बीज व खाद उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा ताकि किसानों को परेशान ना होना पड़े। इस मौके पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एसपी कारपेंटर, क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी आनंद जैन सहित अनेक किसान मौजूद रहे।