नेपानगर Oct 13, 2018
ग्राम पलासुर में एक किसान के खेत में लगा ट्रांसफार्मर एक महीने से खराब है। जिस किसान के खेत में ट्रांसफार्मर लगा है, वह इसे बदलने नहीं दे रहा है। इस कारण दूसरे किसान सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। उनकी फसलें सूख रही हैं। कई बार शिकायतों के बाद भी किसान नहीं माना। इस पर बिजली कंपनी ने उसकी शिकायत नेपानगर थाने में की है।
किसान चंद्रशेखर पिता लक्ष्मणराव ने बताया मेरे पड़ोसी किसान सतीश पिता शिवराम चौधरी के खेत में ट्रांसफार्मर लगा है। इसमें फाल्ट होने के कारण यह बंद पड़ा है। इसे एक महीना हो गया है। ट्रांसफार्मर खराब होते ही बिजली कंपनी कार्यालय में सूचना दी गई थी। बिजली कंपनी कर्मचारी ही ट्रांसफार्मर बदलते हैं। कर्मचारी ट्रांसफार्मर बदलने पहुंचे तो सतीश ने मना कर दिया। इस ट्रांसफार्मर पर मेरे सहित मोहम्मद मंजूर का कनेक्शन है। दोनों सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। खेत में गन्ना और कपास की फसल लगी है। शिकायतों के बाद भी किसान नहीं माना तो बिजली कंपनी ने थाने में शिकायत की है।