मंदसौर Oct 12, 2018
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 6 जून को मंदसौर की सभा में किसानों की कर्जमाफी की घोषणा की थी। इसी घोषणा को वचन बनाते हुए कांग्रेस ने खरगोन जिले में करीब 15 हजार किसानों के कर्जमाफी के मांग पत्र भर दिए। ये वचन पत्र इन दिनों गांव-देहातों की चौपालों में जाकर बांटे जा रहे हैं। इसमें कहा गया है कि यदि कांग्रेस सरकार में आई तो एक से लेकर 45 लाख रुपए तक के कर्ज माफ किए जाएंगे। किसका, कितना कर्ज माफ करना है, यह राशि नाम सहित वचन पत्र में लिखी है। भगवानपुरा तहसील के गढ़ी से लगे ढाबला गांव में किसान पन्नालाल डाबर काे 45 लाख का मांग पत्र भरकर दिया गया। वह भी प्राइवेट बैंक का। भास्कर ने पन्नालाल से बात की तो उन्होंने बताया कि पिताजी के नाम जमीन है। साढ़े चार लाख का कर्ज है। ऐसा ही पत्र दामखेड़ा के जीवन सिंह और भुवार सिंह को मिला है। उनके पत्र पर एक लाख रुपए की राशि लिखी है। भाजपा ने इस पर आपत्ति ली है।
भाजपा का आरोप- कांग्रेस वोटर्स को प्रलोभन दे रही
भाजपा जिलाध्यक्ष परसराम चौहान ने कहा कि हमने वचन पत्र जुटा लिए हैं। प्रदेश संगठन को भी अवगत करा दिया है। कांग्रेस वोटर्स को प्रलोभन दे रही है, जबकि प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव रवि जोशी ने कहा कि महा जनसंपर्क अभियान चलाकर भाजपा भी लोगों को प्रलोभन दे रही है।