मुलताई Oct 27, 2018
डैमों पर मोटर पंप लगाकर पानी ले जाने पर जल संसाधन विभाग ने प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बाद डैमो से खेतों में सिंचाई के लिए पानी ले जाया जा रहा था। पानी ले जाने से रोकने के लिए अब जल संसाधन विभाग, पुलिस, विद्युत वितरण कंपनी और राजस्व की संयुक्त टीम निगरानी कर रही है। गुरुवार को करपा और माथनी डैम पर मोटर लगाने वालों की थाने में शिकायत की है। इसके बाद कार्रवाई के डर से अन्य डैमों पर मोटर पंप लगाने वालों ने अपने मोटर पंप हटा लिए। शुक्रवार को टीम निरीक्षण करने ग्राम चौथिया के डैम पर पहुंची थी। टीम के पहुंचने के पहले ही किसानों ने अपने मोटर पंप हटा लिए थे। जल संसाधन उपसंभाग के एसडीओ सीएल मरकाम ने बताया बारिश कम होने से डैमों में नाममात्र का पानी संग्रहित हुआ है। डैमों में संग्रहित पानी को निस्तार और पेयजल के लिए सुरक्षित रखा जा रहा है। किसानों को डैम का पानी सिंचाई के लिए नहीं लेने की समझाइश दी थी। इसके बाद भी डैमों पर मोटर पंप लग गए थे।