नरसिंहपुर Oct 08, 2018
जिले के किसान अपने हक के लिए सड़कों पर उतरे और सरकार से कर्ज माफी की मांग की। उन्होंने सैकड़ों ट्रैक्टर ट्रालियां लेकर जोरदार प्रदर्शन किया, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे उनका विरोध और बढ़ गया। इस दौरान किसानों की पुलिस से झड़प भी हुई।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ द्वारा सरकार के खिलाफ जनपद मैदान में आयोजित विरोध प्रदर्शन में किसान अपनी मांगों के समर्थन में पहुंचे थे। किसान अपने साथ ट्रैक्टर ट्रॉलियां लेकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचते रहे। इस दौरान पुलिस ने किसानों को उनके ट्रैक्टर के साथ रोकना चाहा, लेकिन ट्रैक्टरों की संख्या देख पुलिस उलझन में फंस गई। इसे लेकर पुलिस और किसानों के बीच छिटपुट झड़पें होती रहीं। आक्रोशित किसानों को देख पुलिस बैकफुट पर आ गई और मौके से उसे पीछे हटना पड़ा। बताया जा रहा है प्रदर्शन स्थल पर 500 से अधिक ट्रैक्टर पहुंचे थे।
ये हैं किसानों की मांगे
किसानों की दो प्रमुख मांगे हैं। पहली फसल के लिए लिया गया कर्ज पूर्ण रूप से माफ किया जाए। दूसरी अनाज खरीदी के पूरे दाम दिए जाएं। किसान इससे पहले भी आंदोलन कर चुके हैं। इनमें मंदसौर गोली कांड की आंच से सरकार अब तक घबराई है। मंदसौर में किसानों ने कर्ज माफी को लेकर जमकर हंगामा किया था।