रतलाम Oct 08, 2018
राज्य सरकार ने मंडी शुल्क घटाया है। यह 2.20 फीसदी (निराश्रित निधि सहित) की जगह डेढ़ फीसदी लगेगा। मंडी सचिव एम. एल. बारसे ने बताया शनिवार को आदेश पहुंच गए। व्यापारियों को मंडी में खरीदी के बाद नई दर से ही टैक्स देना होगा।
व्यापारी प्रतिनिधि मनोज जैन ने बताया अनाज मंडी में अनाज की खरीदी पर मंडी प्रशासन व्यापारियों से 2.20 फीसदी टैक्स वसूलता है। इसमें दो फीसदी टैक्स और 0.20 फीसदी निराश्रित टैक्स है। सरकार ने मंडी टैक्स घटाकर डेढ़ फीसदी कर दिया है। यह टैक्स व्यापारी किसानों से लेकर मंडी को चुकाते हैं। अब इसी दर से व्यापारियों को शुल्क चुकाना होगा। इससे व्यापारियों के साथ ही किसानों को भी फायदा हुआ है और किसानों को कम टैक्स चुकाना होगा। सीएम ने उनके निवास पर हुए व्यापारियों के सम्मेलन में घोषणा कर लागू कर दिया है।
अभी 2.20 फीसदी टैक्स होने से मंडी को 84 लाख रुपए का राजस्व हर महीने मिलता है। अब आधा फीसदी टैक्स घटा दिया है। इससे मंडी प्रशासन को नुकसान होगा और मंडी प्रशासन को अब 15 लाख रुपए महीना टैक्स कम मिलेगा।