सागर Nov 02, 2018
मंडी में नए सोयाबीन की आवक शुरु हो गई है। गुरुवार को करीब 8 हजार बोरे की आवक हुई । सोयाबीन की आवक बढ़ने की उम्मीद है। किसान माल रोककर रखने की कोशिश नहीं कर रहे हैं बल्कि लगे हाथ सोयाबीन बेचने का प्रयास कर रहे हैं। दरअसल उन्हें उम्मीद के अधिक दाम फिलहाल मिल रहे हैं। इधर सभी जिंसों में तेजी का रुख देखा गया। चना, मसूर, बटरी, राहर, सरसों, उड़द, तेवरा सभी में 50 से 100 रुपए क्विंटल की तेजी रही। अभी प्लांट वाले किसी भी भाव में सोयाबीन सीड की खरीदी कर रहे हैं। विदेशी बाजार में भी सोयाबीन सीड के भाव में तेजी देखी जा रही है। सोयाबीन रिफाइन तेल में भी माल की कमी होने से तेजी आ गई है। वायदा बाजार में कम बोली होने से भाव में उतार चढ़ाव बना हुआ है। इसी प्रकार सरसों, मूंगफली तेल में उतार चढाव चल रहा है। शकर में एक सप्ताह में 75 से 100 से रुपए क्विंटल की तेजी आई है। शकर का कोटा सरकार की तरफ से 22 लाख टन जारी किया गया है। शकर एम क्वालिटी 3600 रुपए क्विंटल एवं एस क्वालिटी 3525 रुपए क्विंटल बिक रही है। दीपावली नजदीक आ जाने से शकर की मांग बढ़ेगी जिससे इसके भावों में भी तेजी आ सकती है। शकर के निर्यात के निर्णय से भी इसके दामों पर प्रभाव पड़ेगा। दलहनों में 200 से 500 रुपए क्विंटल की तेजी देखी गई है। दलहनों में भी उछाल आने की संभावना है। यह स्थिति ऊंचे किस्म के चावल में देखी जा रही है। दीपावली पर लोगों को धान के फूला खरीदने के लिए इस बार अधिक दाम देने पड़ सकते हैं। धान के फूला अभी से 40 रुपए किलो बिक रहे हैं। इसमें और तेजी आ सकती है। ड्रायफूट में भी तेजी देखी जा रही है।