सिरोंज| Oct 12, 2018
कृषि उपज मंडी में गुरुवार को 10000 क्विंटल की आवक हुई। इसमें सोयाबीन और उड़द की आवक ज्यादा थी। इस दौरान किसानों को अपनी उपज के औसत दाम मिले।
खरीफ के सीजन में कृषि उपज मंडी में जोरदार आवक का दौर अब शुरू हो गया है। मंडी में हर दिन आवक बढ़ रही है। बुधवार को महाराजा अग्रसेन जयंती के अवकाश के बाद गुरुवार को जब मंडी खुली ताे सीजन की सबसे अधिक आवक दिखाई दी। मंडी के तीनों टीनशेड ट्रैक्टर- ट्रालियाें से फुल थे। कई किसान कतार में भी थे। इस वजह से सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक अनाज की नीलामी का दौर चला। इस दौरान मंडी में 10000 क्विंटल अनाज की आवक हुई। किसानों को उनकी उपज के औसत दाम मिले। मंडी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को सोयाबीन न्यूनतम 2650 रुपए तथा ऊंचे में 3200 रुपए क्विंटल, उड़द 1600 से लेकर 3945 रुपए क्विंटल, पिसी 1800 से 3010 रुपए क्विंटल और चना 3250 से 3940 रुपए प्रति क्विंटल तक बिका। कमीशन एजेंट राजेश रघुवंशी ने बताया कि आगामी दिनों में मंडी में आवक का जोर और अधिक बढ़ेगा।