सीहोर Nov 12, 2018
कृषि उपज मंडी में दीपावली के त्योहार के चलते पिछले एक सप्ताह से अवकाश था। इसके चलते मंडी में नीलामी का काम भी बंद था। सोमवार से मंडी खुलेगी। इस दौरान व्यापारी शुभ मुहूर्त में उपज की नीलामी कर खरीदी करेंगे। शुभ मुहूर्त में पहले किसान को अपनी उपज का अच्छा दाम मिल सकता है। रविवार की रात करीब 9 बजे तक 155 ट्रालियां शेड में आकर लग चुकी थी। इन शेडो में बिजली के पर्याप्त इंतजाम नहीं है। दीपावली त्योहार के कारण मंडी में 5 से 11 नवंबर तक अवकाश था। सोमवार से मंडी में अच्छी आवक की उम्मीद है। 20 अक्टूबर को भावांतर योजना शुरु होने के बाद 22 अक्टूबर से बंपर आवक शुरु हो गई थी। इस दौरान 29 अक्टूबर को करीब 20 हजार क्विंटल आवक रिकार्ड की गई थी। सोमवार को भी अच्छी आवक की उम्मीद व्यापारी लगा रहे हैं। त्योहार से पहले सोयाबीन प्रति क्विंटल के हिसाब से 3172 रुपए तक बिका था। सोमवार को लंबे अवकाश के बाद इसमें बढ़ोतरी हो सकती है।
शुभ मुहूर्त में करेंगे खरीदी : दी ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के सचिव हरीश राठौर ने बताया कि सोमवार को पहली नीलाम में शुभ मुहूर्त के साथ खरीदी शुरु होगी। अवकाश के बाद मंडी में अच्छी आवक की उम्मीद व्यापारी लगा रहे हैं।
9 बजे तक पहुंची 115 ट्रालियां, पर्याप्त लाइट नहीं : मंडी परिसर में चार शेड बने हुए हैं। इसमें से तीन शेडों में ट्रालियों की कतारंे लगना रविवार शाम से ही शुरु हो गई थी। रविवार की रात करीब 9 बजे तक तीन शेडो में करीब 115 ट्रालियां लग चुकी थी। शेडो में पर्याप्त लाइट के इंतजाम नहीं होने से दिक्कत होती है।
लाइटें लगी हैं, कराएंगे व्यवस्था
रात के समय आने वाले किसानों को परेशानी न हो इसके लिए मंडी शेड में लाइटें लगी हुई है। यदि यह कम रोशनी वाली है तो और अधिक लाइट की व्यवस्था करेंगे। -करुणेश तिवारी, सचिव, कृषि उपज मंडी सीहोर