सीहोर Nov 04, 2018
शनिवार को आसमान पर हल्के बादल छा गए। मौसम विभाग के अनुसार हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इस बार इन दिनों में सामान्य से अधिक तापमान होने के कारण बोवनी पर इसका असर पड़ रहा है। मौसम में ठंडक नहीं होने के कारण किसान बोवनी नहीं कर पा रहे हैं। पूर्व दिशा से चल रही हवाओं की गति सामान्य से अधिक होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.5 सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस था जबकि शनिवार को रात का तापमान एक डिग्री बढ़ा। शनिवार को अधिकतम 33.5 और रात का पारा 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आरएके कॉलेज स्थित मौसम विभाग के तकनीकी अधिकारी डॉ. एसएस तोमर ने बताया कि अभी पूर्व दिशा से हवाएं चल रही हैं। अभी तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
ठंड नहीं होने से खेतों में नहीं नमी : अभी जो ठंड का असर है उससे खेतों में नमी नहीं है। रातों को भी तापमान में गिरावट नहीं है। इस कारण से खेती के लिए जो नमी होना चाहिए वह खेतों में नहीं दिखाई दे रही है। इसलिए भी किसान परेशान हैं। किसानों का कहना है कि अभी तक ऐसा नहीं होता था। दीपावली तक अच्छी ठंडक हो जाती थी और बोवनी में इसका फायदा मिलता था। यही कारण है कि इस बार फसल को बोने में काफी देरी हो सकती है। जिन किसानों के पास पानी की सुविधा है वह तो सिंचाई कर बोवनी का काम पूरा कर लेंगे लेकिन जिनके पास सिंचाई का कोई भी साधन नहीं है उनके साथ दिक्कतें हैं।