सीहोर | Nov 26, 2018
भाजपा सरकार किसान विरोधी है जिसने मंदसौर में 6 किसानों की हत्या की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कैलाश विजयवर्गीय ने लोगों को रोजगार नहीं दिया है बल्कि अपने पुत्रों को जरूर रोजगार से लगा दिया है। इन दो लोगों ने किसानों को लूटकर अपना घर भरा है। यह तीखे आरोप गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने कांग्रेस प्रत्याशी गोपाल सिंह इंजीनियर के पक्ष में हाईवे स्थित डोडी में सभा में लगाए।
श्री पटेल ने कहा कि जरा सोचिए मध्यप्रदेश का ही नहीं पूरे भारत का पेट भरने वाला किसान आज खुद गरीब है। शिवराज सरकार के कार्यकाल में 4 हजार किसानों ने आत्महत्या की है। सरकार अगर 15 साल अच्छे काम करती तो कसम देने की आवश्यकता नहीं पड़ती। भाजपा नेताओं ने कभी अयोध्या में राम मंदिर नहीं बनाया। ये लोग जातिवाद भड़काकर वोट हासिल करते हैं। मैं कहता हूं आज हनुमान जी भगवान राम हमारे मन में हैं हमारे गांव में हैं, लेकिन रोजगार हमारे घर में नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सरकार काम नहीं करे तो कुछ माह बाद लोकसभा चुनाव हैं आप वोट मत देना। लेकिन एक बार इसके लिए आपको कांग्रेस पर भरोसा करना होगा।