शाजापुर Nov 04, 2018
स्थानीय कृषि उपज मंडी में पीले सोने के बंपर आवक के बीच अब त्योहारी अवकाश के चलते 8 दिनों तक खरीदी नहीं हो पाएगी। अब खरीदी सीधे अगले सोमवार को 12 नवंबर को होगी। इस बीच मंडी बंद रहेगी। मंडी में लगातार 8 दिनों के अवकाश का असर शनिवार को भी देखने को मिला।
कृषि उपज मंडी से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को सोयाबीन की आवक रोजाना की अपेक्षा कम रही है। साढ़े तीन से चार हजार बोरी सोयाबीन की आवक रही, जो व्यापारियों द्वारा अधिकतम 3 हजार 151 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से खरीदी गई। सोमवार से शुक्रवार तक दिवाली का अवकाश रहेगा। शनिवार को बैंक का अवकाश होने से मंडी में खरीदी नहीं हो पाएगी। वहीं 11 नवंबर को फिर रविवार के चलते मंडी बंद रहेगी। मंडी में उपज बेचने वाले किसानों को व्यापारियों द्वारा अधिकतम 10 हजार रुपए की नकद राशि दी जा रही है। शेष राशि का भुगतान आरटीजीएस कर किया जा रहा है। इसके चलते बैंकों में भी किसानों की भीड़ लगी रही।
शनिवार को खरीदी के बाद मंडी में लगा सोयाबीन का ढेर। अब 8 दिन तक नहीं होगी खरीदी।