सिरोंज| Oct 30, 2018
दो दिन के अवकाश के बाद खुली कृषि उपज मंडी में सोमवार को जोरदार आवक हुई। आवक की वजह से मंडी बायपास रोड पर पल-पल में जाम की स्थिति भी बनी। इस दौरान किसानों को उनकी उपज के औसत दाम ही मिले।
कृषि उपज मंडी में जोरदार आवक का जोर लगातार बना हुआ है। शनिवार और रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को मंडी खुलने से ही पहले मंडी के नीलामी परिसर में स्थित तीनों टीनशेड ट्रैक्टर-ट्रालियों से भर गए थे। नीलामी की प्रक्रिया शुरू होने के बाद के भी शेड जस की तस भरे रहे। इसकी वजह थी नीलाम हुए अनाज की ट्राली के आगे जाते ही तुरंत ही दूसरा किसान अपनी उपज की ट्राली को वहां लगा रहा था। यह स्थिति दिनभर बनी रही। दोपहर 3 बजे के बाद शुरू हुई दूसरी नीलामी की प्रक्रिया के बाद स्थिति में सुधार होता दिखाई दिया। इसके बाद मंडी रोड की स्थिति दुखदाई होती दिखाई दी। यहां पर पल-पल में जाम की स्थिति बनी। इसी बीच मंगलवार की डाक के लिए भी ट्रैक्टर-टाली आना शुरू हो गई।
इस कारण स्थित और भी अधिक खराब हुई। शाम छह बजे तक मंडी बायपास रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। जोरदार आवक के बीच किसानों को उनकी उपज के दाम भी औसत ही मिले। सोयाबीन ऊंचे में 3150 रुपए और चना 37 सौ रुपए क्विंटल तक बिका।