टिमरनी। Oct 23, 2018
भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों के प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार 10 बजे तवा डेम पहुंचकर तवा डैम एवं तवा बाईं तट नहर की पूजा-अर्चना की। इस दौरान विभागीय अधिकारियों के साथ तवा बाईं नहर में 595 क्यूसेक पानी छोड़ा। संघ की ओर से बताया नहर में शाम 6 बजे तक पानी बढ़ाकर 1000 क्यूसेक कर दिया जाएगा और इसी क्रम में पानी की मात्रा बढ़ाई जाएगी। यह पानी 24 अक्टूबर को हरदा जिले में प्रवेश करेगा। अभी छोड़ा गया पानी पहले हरदा जिले में वितरित होगा यहां पूर्ति होने के बाद होशंगाबाद जिले के सिवनी मालवा क्षेत्र के लिए पानी छोड़ा जाएगा। संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने लौटते समय संपूर्ण तवा बाईं तट नहर का जगह-जगह लाइनिंग की गुणवत्ता और टूट-फूट व नहर के गेज का मौका मुआयना किया। प्रतिनिधि मंडल में भारतीय किसान संघ तहसील प्रभारी विजय मलगाया, तहसील अध्यक्ष दीपचंद नवाद, रामकृष्ण पाटिल, विष्णुप्रसाद मालाकार आदि शामिल रहे।
टिमरनी। तवा डैम पर नहर से पानी छोड़ते हुए भाकिसं के पदाधिकारी।