सिरोंज Dec 01, 2018
तीन दिन के अवकाश के बाद खुली कृषि उपज मंडी में शुक्रवार को जोरदार आवक हुई। आवक की वजह से मंडी बायपास रोड पर जाम की स्थिति भी बनी।
विधानसभा चुनाव में मंडी कर्मचारियों के ड्यूटी होने की वजह से सिरोंज मंडी 27 से 29 नवंबर तक बंद रही थी। शुक्रवार को मंडी खुलने की जानकारी किसानों को पहले से ही थी। इस वजह से बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर गुरुवार रात में ही मंडी के नीलामी परिसर में पहुंच गए थे।
किसानों के आने का सिलसिला शुक्रवार दोपहर तक चलता रहा। जोरदार आवक की वजह से मंडी के तीनों ही टीनशेड ट्रैक्टर-ट्रालियों से भरे हुए दिखाई दिए। इस दौरान 100 क्विंटल ज्वार की आवक भी हुई। इसमें महेरा, सोनकच्छ और शंकर ज्वार शामिल थी।
ज्वार 1845 से 3150 रुपए क्विंटल तक बिकी। इसी तरह चना 3500 से 4220 रुपए प्रति क्विंटल, मसूर 3400 से 3640 रुपए प्रति क्विंटल, सोयाबीन 2800 से 3232 रुपए क्विंटल और उड़द 1700 से 4150 रुपए प्रति क्विंटल तक बिका। मंडी में नीलामी के बाद किसान अपनी उपज को लेकर पुरानी मंडी में स्थित व्यापारियों के तोल कांटे तक ले जा रहे थे। इससे मंडी बायपास रोड पर ट्रैक्टर-ट्रालियों की कतार लग गई। इस वजह से रोड पर जाम की स्थिति बनी।