विदिशा| Nov 16, 2018
खरीफ विपणन 2018-19 में समर्थन मूल्य पर मूंग, उड़द, तिल एवं रामतिल की खरीदी जिले के 48 खरीदी केंद्रों पर हो रही है। जिला आपूर्ति अधिकारी नुजहत बानो बकई ने बताया कि समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए जिले में बनाए गए 48 उपार्जन केंद्रों पर पंजीकृत किसानों के उपज की खरीदी कार्य 19 जनवरी 2019 तक जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि जिले में बनाए गए छह खरीदी केन्द्रों पर धान का उपार्जन 15 नवम्बर से शुरू हुआ है, जो 15 जनवरी 2019 तक पंजीकृत कृषकों से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में 27, 28 एवं 29 नवम्बर को विधानसभा निर्वाचन कार्य के चलते उपार्जन केन्द्रों पर खरीदी कार्य नहीं किया जाएगा।