झाबुआ | Oct 15, 2018
रबी फसल के लिए बोवनी शुरू हो चुकी है। इसके चलते बिजली कंपनी ने सप्लाय का शेड्यूल जारी कर दिया है। जिले में सिंचाई के लिए दिन में 6 घंटे और रात में 4 घंटे थ्री फेज सप्लाय दिया जाएगा। इस तरह 10 घंटे सिंचाई के लिए बिजली दी जाएगी। शेष 14 घंटे सिंगल फेज सप्लाय जारी रहेगा।
जारी किए गए शेड्यूल के अनुसार शाम 6 से रात 10 बजे तक चार घंटे के लिए सिंचाई के लिए थ्री फेज सप्लाय नहीं दिया जाएगा। इस समय लोड अधिक होने से बिजली सिंगल फेज ही दी जाएगी। शेष 24 घंटे में सुबह 6 से 12 और दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक बारी-बारी से अलग-अलग फीडरों से जुड़े गांवों में थ्री फेज सप्लाय दिया जाएगा। इसी तरह रात 10 से 2 बजे तक और 2 से सुबह 6 बजे तक अलग-अलग फीडरों से जुड़े गांवों में थ्री फेज सप्लाय दिया जाएगा। गौरतलब है जिले में फलियों में लोग बसे होने से मिक्स फीडर हैं, यहां घरों और सिंचाई की बिजली अलग नहीं है। इसलिए एक ही फीडर पर 10 घंटे सिंचाई के लिए थ्री फेज और उसी फीडर पर 24 घंटे सिंगल फेज बिजली दी जाती है।