रायपुर | Nov 01, 2018
राज्य में गुरुवार से धान व मक्के की खरीदी शुरू होगी। इस वर्ष धान खरीदी के लिए सहकारी समितियों के 1995 केन्द्र और मक्का के लिए 261 खरीदी केन्द्र बनाए गए हैं।
केंद्र सरकार ने इस वर्ष मोटे धान का समर्थन मूल्य 1750 रुपए प्रति क्विंटल, पतले धान का समर्थन मूल्य 1770 रूपए प्रति क्विंटल और मक्के का समर्थन मूल्य 1700 रूपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। 31 अक्टूबर की स्थिति में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए 16 लाख 90 हजार किसानों ने पंजीयन करवाया है। एक से छह नवम्बर तक 62 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी के लिए किसानों को टोकन जारी कर दिए गए हैं। समस्त खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी संबंधित सॉफ्टवेयर इंस्टाल कर लिए गए है। खरीदी केन्द्र स्तर पर धान की खरीदी के लिए जरूरी सभी व्यवस्था कर ली गयी है। राज्य के सीमावर्ती जिलों के खरीदी केन्द्रों में अवैध धान के विक्रय पर नियंत्रण के लिए जिला स्तर पर विशेष जांच दल का गठन किया गया है। जांच दल द्वारा अब तक अवैध धान वितरण के 84 प्रकरण दर्ज करके 3527 क्विंटल धान जब्त किया गया है। उपार्जित धान के मिलिंग के लिए राइस मिलों के पंजीयन का कार्य चालू है।
अब तक 1567 राइस मिलों द्वारा मिलिंग हेतु पंजीयन के लिए आवेदन दिया गया है। प्रमुख सचिव ऋचा शर्मा ने धान खरीदी की व्यवस्था की मानिटरिंग के लिए गठित राज्य स्तरीय टीम को खरीदी केन्द्र का दौरा करने के निर्देश दिए।