17 Oct 2018
धमतरी
समर्थन मूल्य में धान खरीदी के लिए जिला प्रशासन की तैयारी जोरों पर है। नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा चुके हैं। इस साल समर्थन मूल्य में धान बेचने के लिए दो हजार नए किसानों ने पंजीयन कराया है। धान बेचने के बाद किसानों को समर्थन मूल्य व बोनस एक साथ मिलेंगे।
प्रदेश समेत जिले में 1 नवंबर से समर्थन मूल्य में धान की खरीदी की जाएगी। धमतरी, कुरूद, मगरलोड और नगरी ब्लॉक के 84 केन्द्रों में खरीदी के लिए तैयारी शुरू हो गई है। कलेक्टर सीआर प्रसन्ना ने बताया कि इस साल समर्थन मूल्य में धान बेचने के लिए दो हजार नया किसानों ने अपना अतिरिक्त पंजीयन कराया है। खरीदी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा चुके हैं। 60 प्रतिशत बारदाना पहुंच चुका है, जिसे समितियों को भेजा जा रहा हैं।
सॉफ्टवेयर डाऊनलोड की प्रक्रिया चल रही है। खरीदी केन्द्रों में इलेक्ट्रॉनिक कांटा से धान की तौलाई की जाएगी। अन्य सालों की तरह इस साल भी टोकन सिस्टम से खरीदी होगी। इससे खरीदी केन्द्रों में शांति पूर्ण माहौल में किसानों का धान खरीदा जाता है। कहीं कोई दिक्कतें नहीं होती है। कलेक्टर प्रसन्ना ने बताया कि किसानों को इस साल समर्थन मूल्य में धान बेचने के बाद भुगतान समर्थन मूल्य व बोनस राशि जुड़कर मिलेगा, जो सीधे किसानों के खाते में जमा होंगे। भुगतान के लिए किसानों को कोई दिक्कतें नहीं होगी।
धान कटाई-मिंजाई का कार्य शुरू
खरीफ सीजन में हरूना धान फसल लगाने वाले करीब 70 प्रतिशत किसानों के धान फसल खेतों में पककर तैयार है। कटाई-मिंजाई का कार्य शुरू हो चुका है। किसान-मजदूर कार्य में व्यस्त है। नवरात्र व दशहरा पर्व के चलते अभी किसानी कार्य जोर नहीं पकड़ा है। त्यौहार मनाने के बाद धान फसल कटाई-मिंजाई के कार्य में तेजी आने की संभावना है। दीवाली त्यौहार से पहले अधिकांश किसानों के धान फसल कटने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि किसानों के उत्पादन को एक नवंबर से समर्थन मूल्य में खरीदी की जाएगी। ऐसे में जिन किसानों के धान फसल की कटाई-मिंजाई हो चुकी है। इनमें से कुछ किसान अपने अतिरिक्त नया धान को बेचने मंडी ला रहे हैं।
श्यामतराई स्थित कृषि उपज मंडी में 16 अक्टूबर मंगलवार तक आठ दिनों में 200 कट्टा नया धान की बिक्री हो चुकी है। मंडी में नया धान की आवक होने लगी है। मंडी में आइआर 64 प्रति क्विंटल 1485 रुपये, ओम किस्म का धान 1825 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है।