सनावद | Sep 20, 2018
भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत के तत्वावधान में बुधवार को बाइक रैली व महासम्मेलन का आयोजन बलराम जयंती के समापन पर किया गया। इसमें किसानों की पीली पड़ रही कपास की फसल की खरीदी सरकार से करने व फसल बीमे का लाभ जल्द किसानों को देने सहित अन्य मांगों को लेकर विरोध किया। साथ ही तहसीलदार को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
किसानों ने बताया दोपहर करीब 12 बजे कृषि उपज मंडी में नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से संगठन के सदस्य व पदाधिकारी एकत्र हुए। करीब 30 बाइक पर सवार होकर मंडी से बाइक रैली शुरू की गई। जिसमें सबसे आगे भगवान बलराम की प्रतिमा लेकर रथ चल रहा था। जिसमें निमाड़ी गीतों के माध्यम से सरकार को कोसा जा रहा था। इसके पीछे बाइक पर सवार होकर किसान नारेबाजी कर रहे थे। रैली बायपास से होते हुए खरगोन रोड, मोरटक्का चौराहा, बस स्टैंड, एबी रोड, ट्रैंगल चौराहे से होते हुए वापस मंडी प्रांगण पहुंची। जहां पर भगवान बलराम की प्रतिमा को स्थापित कर पूजा अर्चना पदाधिकारियों ने की। इसके बाद सभा को संबोधित करते हुए किसानों के साथ हो रहे अत्याचार व किसानों की समस्याओं को लेकर पदाधिकारियों ने भाषण देकर सरकार से मांगों को पूरा करने के लिए मांग की गई।