आमला
बोरदेही में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सभा आयोजित कर भाजपा सरकार की विफलताओं से लोगों को अवगत कराया। सभा को संबोधित करते हुए चुनाव अभियान समिति के सदस्य नवनीत मालवीय ने कहा कि प्रदेश की बीजेपी सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं।
युवा वर्ग बड़ी संख्या में बेरोजगारी से परेशान है। उन्होंने कहा कि सीएम केवल घोषणाएं करते जा रहे हैं, लेकिन इन पर अमल नहीं हो पा रहा। उन्होंने कहा कि ये सरकार आमजनों के लिए कोई काम नहीं कर रही है। कांग्रेस नेत्री मोनिका निरापुरे ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
महिलाएं और बालिकाएं समाज में असुरक्षित महसूस कर रही है। सरकार केवल भाषणों में ही सभी को सुरक्षा दे रही है। कहा कि इस अव्यवस्था से निपटने के लिए लोगों को अब वर्तमान सरकार को बदलकर एक स्वस्थ सरकार प्रदेश में बनाना होगा, ताकि नई कांग्रेस सरकार लोगों के हितों की रक्षा कर सके।
सभा को कांग्रेस नेता सुरेश साहू, रामराव सोनी, बंटी ठाकुर, रामनारायण साहू, मोहन नायक, राजेंद्र बिहारिया, शैलू जैन, कदीर खान, रविकांत उघड़े, संदीप नाइक, कन्हैया साहू आदि ने भी संबोधित किया।