खंडवा | Sep 22, 2018
आज शारीरिक रूप से उत्पन्न सभी समस्याओं का मूल कारण हमारा खान-पान ही है। क्योंकि हम जो भी खा रहे हैं चाहे वह अनाज, फल, सब्जी सब रासायनिक खाद और फर्टीलाइजर से तैयार किया जा रहा है जिसके परिणाम स्वरूप कैंसर, मधुमेह, एसिडिटी जैसी भयानक बीमारियां हो रही हैं। फसल में पोषक तत्वों की कमी से शरीर में भी पोषक तत्वों की कमी हो गई है। जमीन की उर्वरा शक्ति को हम यौगिक खेती से ही वापस ला सकते हैं।
यह बात मध्यप्रदेश किसान सशक्तिकरण अभियान में गुजरात से आई रेशमा बहन ने कही। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय भाग्योदय भवन खंडवा द्वारा 4 सितंबर से 22 सितंबर तक किसान सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत इंदौर से खंडवा के बीच लगभग 200 गांवों में यह अभियान चलाया जा रहा है। सेवाकेन्द्र संचालिका ब्रह्मकुमारी शक्ति दीदी ने बताया इस अभियान का समापन समारोह 22 सितंबर को प्रात: 11 से 2 बजे के अनाज मंडी में होगा।